Sunday, December 18, 2011

सुधीर

सुधीर मार्केट में आ चुका है। अब हमारे बोलने का समय खत्म हो गया। अब जो बोलना है, वही बोलेगा।

पिछले हफ्ते भर से वह छुट्टी पर था।


00000000


वह बिहार से आया है। उसने मेरे सामने ही जॉइन किया था। तब वह पोस्ट ग्रैजुएशन के बाद पीएचडी के लिए कोशिश कर रहा था।

तब उसकी भाषा बहुत कमजोर थी। कई बार वह लिखना शुरू ही नहीं कर पाता था। कई बार वह समझ नहीं पाता था कि घटनाओं को किस नजरिए से देखे और उनके बारे में क्या लिखे। अपनी इस कमजोरी के लिए वह रोज डांट खाता था। कई बार यह डांट बहुत अपमानजनक होती थी। इसमें नौकरी से निकालने की धमकी भी शामिल होती थी। वह सिर झुकाकर सुनता रहता था। संपादक के चेम्बर से निकलता था तो चेहरा लाल हो चुका होता था। लोग उसे देखकर हमदर्दी से भर जाते थे। वह किसी सहमे हुए बछड़े की तरह इधर उधर देखता रहता था और मौका मिलते ही किसी वरिष्ठ सहयोगी के पास पहुंच जाता था- इसे कैसे बनाएंगे, जल्दी से बता दीजिए। बॉस गरम हो रहे हैं। उसकी नजरें संपादक के कमरे की ओर लगी रहती थीं। क्योंकि एक खबर के लिए डांट सिर्फ एक बार नहीं पड़ती थी।

यह समय उसके लिए बहुत कठिन था। उसकी उम्र के किसी भी लडक़े के लिए यह समय कठिन हो सकता था। हम लोग अचरज करते थे कि वह यह सब कैसे सह लेता है। हममें से ज्यादातर लोगों की राय थी कि इतना अपमान सहकर हम लोग यहां रुक नहीं पाते।

वह मुझसे अपना सुख दुख कहता था। उसकी बातों से पता चलता था कि उसकी बुद्धू सी सूरत के पीछे बहुत संवेदनशील और सुलझा हुआ इंसान था। उसने मुझे बताया कि उसे पीड़ा तो बहुत होती है लेकिन सीखने को भी तो मिलता है। वह कहता था- मैं यहां पढऩे के लिए आया हूं। मां बाप और मेरे शहर के लोगों को अच्छा लगता है कि मैं यहां काम कर रहा हूं। उन्हें लगता है कि मैं बड़ा आदमी बन गया हूं। मैं काम छोडक़र जा सकता हूं। लेकिन इससे बहुत सारे लोगों को दुख होगा। फिर मुझे क्या हासिल होगा। यही तो उम्र है दुनिया देखने और दुनियादारी सीखने की।

उसकी बातों में बहुत ज्ञान छिपा होता था। अनुभव से पाया गया ज्ञान। वह किताबी बातें नहीं करता था। बल्कि ऐसी बातें करना उसे आता ही नहीं था। वह जिंदगी को जीने में विश्वास रखता था। जिंदगी जिस रूप में मिले, उसे गले लगाने को तैयार।

0000000

वह पिछले दो चार साल में बहुत बदला है। उसकी भाषा बहुत सुधर चुकी है। वह घटनाओं को अलग अलग तरह से देख और लिख सकता है। वह आत्मविश्वास से भर चुका है। अपने पेशे की संभावनाओं और चुनौतियों से वह वाकिफ है। मुझे उसमें एक बात अच्छी लगती है कि वह कभी आरामतलबी की बातें नहीं करता। वह जानता है कि जब तक सांस है, संघर्ष चलता रहेगा। यह शायद बिहार का ट्रेड मार्क है।

000000000

उसमें बहुत कुछ ऐसा है जो मुझमें नहीं है। वह डरता नहीं लेकिन मौका देखकर झुकना भी जानता है। बुरा लगने पर भी चुप रहना जानता है। वह किसी दफ्तर में अंदर पहले जाता है, मे आई कम इन बाद में बोलता है। उसने मुझे बताया है कि भूख लगने पर पहले खा लेना चाहिए। जेब में पैसा है कि नहीं यह बाद में देखना चाहिए। पेट भरा रहेगा तो दिमाग कोई उपाय निकाल ही लेगा।

00000000

वे तीन दोस्त एक जगह रहते हैं। मिलकर खाना बनाते हैं। रात में जब बिरादरी के लोग ढाबे जाने का इंतजाम करते रहते हैं, सुधीर और उसके दोस्तों के हाथ में मूली टमाटर देखना एक सुखद अनुभव है।

00000000

वह अपनी मां का दुलारा है।

बीच में उसने अपना लुक बिगाड़ लिया था। बाल भूरे करवा लिए थे जो ऐसे खड़े रहते थे मानो उन्हें कलफ लगाकर सुखा दिया गया हो।

वह मुझसे इसकी तारीफ सुनना चाहता था। मैंने कह दिया कि वह बहुत बुरा दिख रहा है।

मेरी बातों का वह बुरा नहीं मानता। लेकिन उस रोज भावुक हो गया। उसने कहा- मेरी मां तो कहती है कि मैं दुनिया का सबसे सुंदर बच्चा हूँ



00000000


वह बिहार को लेकर भी बहुत संवेदनशील है। अपने राज्य को लेकर किए गए मजाक को वह मजाक की तरह नहीं ले पाता। एक बार मुझ पर भी नाराज हो चुका है। वह खुद को अपने राज्य का ब्रांड एंबेसेडर समझता है। वह मेरे लिए घर से सत्तू लेकर आया था। लिट्टी चोखा खिलाने का उसने वादा किया है। छठपूजा का वर्णन वह बहुत उत्साह से करता है।

उसका जुड़ाव झारखंड से भी है जहां उसके पिता काम करते हैं। वह महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ कुछ सुनना नहीं चाहता। उसे छेडऩे का आसान तरीका है कि धोनी के खिलाफ कुछ बोलना शुरू कर दो।

वह कॉलेज के जमाने का क्रिकेटर भी है।


00000000

दुनियादारी के बारे में सुधीर की बातें सुनना बहुत अच्छा लगता है। वह साफ साफ बात करता है। एक युवा हृदय के सभी तरह के द्वंद्व उसके भीतर चलते रहते हैं। लेकिन वह उनसे अप्रभावित दिखना जानता है। अनेक अवसरों पर उसकी उपस्थिति आपको संबल देती है।


0000000


आपको कभी कभी वह मतलबी और चालाक लग सकता है। लेकिन जीवन के इस महाभारत में हर अस्त्र शस्त्र की आवश्यकता पड़ती है। नियम टूटते हैं और मर्यादाएं भंग होती रहती हैं। घर से सैकड़ों मील दूर जीवन का संघर्ष कर रहा एक बालक इससे अलग कैसे रह सकता है?

00000000

सुधीर मुझे चक्रव्यूह में दाखिल हो चुके अभिमन्यु जैसा लगता है। लेकिन उसकी नियति अभिमन्यु जैसी नहीं है। सुधीर और उसकी पीढ़ी की कहानी महाभारत के आगे की कहानी है।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home